नई दिल्ली। भारतीय और वैश्विक सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक और भव्य आयोजन के रूप में 18वां जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (JIFF) 2026, 9वां न्यू दिल्ली फिल्म फेस्टिवल (NDFF) 2026 तथा GLOBAL CINE CONFLUENCE (GCC) – दिल्ली फिल्म कन्वेंशन एंड समिट 2026 का संयुक्त आयोजन 13 से 15 फरवरी 2026 के बीच भारत मंडपम और इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में किया जा रहा है।
इस भव्य संयुक्त आयोजन की जानकारी देते हुए फाउंडर-डायरेक्टर हनु रोज ने बताया कि इस वर्ष भारतीय सिनेमा के महानायक, “ही-मैन ऑफ इंडियन सिनेमा” के नाम से विख्यात धर्मेंद्र को उनके अतुलनीय योगदान के लिए आउटस्टैंडिंग अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
धर्मेंद्र ने भारतीय सिनेमा को कई ऐसी कालजयी फिल्में दी हैं, जो आज भी दर्शकों और फिल्मकारों को प्रेरित करती हैं। फूल और पत्थर (1966), अनुपमा (1966), मेरा गाँव मेरा देश (1971), रखवाला (1971), शोले (1975), चुपके-चुपके (1975), प्रतिज्ञा (1975) और धरम वीर (1977) जैसी फिल्मों ने उन्हें सिनेमा के इतिहास में अमर बना दिया। एक अभिनेता के साथ-साथ निर्माता और मार्गदर्शक के रूप में भी उन्होंने भारतीय फिल्म उद्योग को समृद्ध किया। उनकी विरासत ईमानदारी, विनम्रता और सिनेमा के प्रति अटूट समर्पण की मिसाल है।
“इस संयुक्त फिल्म महोत्सव में 60 से अधिक देशों की 600 से ज्यादा फिल्में विभिन्न प्रतियोगी श्रेणियों में शामिल हैं, जिनमें से चयनित शीर्ष पुरस्कार-प्राप्त फिल्मों का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा।” इसके साथ ही फिल्म उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर गेम-चेंजिंग डायलॉग सेशंस, पैनल चर्चाएं और नेटवर्किंग कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
“इस दौरान लगभग 40 देशों से 1000 से अधिक फिल्म निर्माता, निर्देशक, अभिनेता-अभिनेत्रियाँ एवं फिल्म उद्योग से जुड़े पेशेवर प्रतिभागी भाग लेने के लिए दिल्ली आएंगे।”

कोई टिप्पणी नहीं