Halaman

    Social Items

जयपुर। ज्वेलर्स एसोसिएशन, जयपुर द्वारा संचालित जनोपयोगी भवन, जनता कॉलोनी में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर प्रातः 10:30 बजे गरिमापूर्ण ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं समाजसेवी श्री राजू मंगोड़ीवाला के नेतृत्व में एसोसिएशन की वर्तमान कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, पूर्व अध्यक्षों तथा बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में लगभग 150 लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री राजू मंगोड़ीवाला का प्रेरणादायी संबोधन रहा। उन्होंने उपस्थित सभी सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को दोहराने का पावन दिन है।
श्री मंगोड़ीवाला ने कहा कि जयपुर का रत्न एवं आभूषण व्यवसाय आज विश्वभर में भारतीय हुनर, कला, कारीगरी और उद्यमिता का परचम लहरा रहा है। ज्वेलर्स एसोसिएशन, जयपुर व्यापारिक हितों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी सदैव प्राथमिकता देती रही है। जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक उत्थान और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना एसोसिएशन की निरंतर प्रतिबद्धता है।
उन्होंने कहा कि भारत आज विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में देश के व्यापार एवं उद्योग जगत की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने सभी व्यापारियों से आह्वान किया कि वे अपने व्यापार को राष्ट्रहित से जोड़ते हुए “मेड इन इंडिया, मेड फॉर इंडिया और मेड फॉर ग्लोबल” के संकल्प को मजबूत करें और भारतीय उत्पादों, कारीगरी तथा उद्यमिता को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाने में योगदान दें।
अध्यक्ष श्री राजू मंगोड़ीवाला ने कहा कि व्यापार की सफलता तभी सार्थक है, जब उसके साथ समाज और राष्ट्र की प्रगति भी जुड़ी हो। उन्होंने एसोसिएशन के सभी सदस्यों से एकजुट होकर जयपुर के रत्न एवं आभूषण उद्योग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने तथा सामाजिक जिम्मेदारियों को और मजबूती से निभाने का आह्वान किया।
समारोह में उपाध्यक्ष श्री गोविंद प्रकाश अग्रवाल, संयुक्त सचिव श्री महावीर कुमार डागा, वर्तमान कार्यकारिणी के सदस्यों, एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के पश्चात देशभक्ति संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ज्वेलर्स एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्यों एवं उपस्थित सभी लोगों ने पूरे उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति के साथ भाग लिया। पूरा वातावरण “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से गूंज उठा।
समारोह ने ज्वेलर्स एसोसिएशन, जयपुर की एकता, सामाजिक प्रतिबद्धता, राष्ट्रप्रेम और दूरदर्शी नेतृत्व का संदेश देते हुए स्वतंत्रता दिवस को यादगार बना दिया।

80वें स्वतंत्रता दिवस पर ज्वेलर्स एसोसिएशन, जयपुर में भव्य ध्वजारोहण समारोह

जयपुर। फैशन और लाइफस्टाइल की दुनिया में एक भव्य आयोजन “Stardom Fest & Awards”, प्रस्तुतकर्ता The Vogue Edition, आगामी 12 सितंबर 2026 को Raj Aangan Resort, Jaipur में आयोजित होने जा रहा है। इस शानदार आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और फैशन इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में Star Plus की लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री कांची सिंह बतौर सेलिब्रिटी गेस्ट शिरकत करेंगी। उनकी मौजूदगी इस आयोजन को और भी खास बनाएगी।

आयोजन के तहत एक भव्य Fashion Show आयोजित किया जाएगा, जिसमें 50 से अधिक मॉडल्स रैंप पर अपने हुनर और अदाओं का जलवा बिखेरेंगे। फैशन जगत से जुड़े डिजाइनर्स, मॉडल्स और अन्य प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक शानदार मंच मिलेगा।

इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन कार्य कर रहे प्रतिभाशाली लोगों को Stardom Awards से सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार उन व्यक्तियों को प्रदान किए जाएंगे जो अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं और समाज एवं इंडस्ट्री में सकारात्मक योगदान दे रहे हैं।

कार्यक्रम में Lifestyle Exhibition का भी आयोजन होगा, जिसमें फैशन, लाइफस्टाइल और विभिन्न ब्रांड्स को अपनी पहचान और उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

The Vogue Edition द्वारा प्रस्तुत इस आयोजन की ऑर्गनाइज़र ईशा कोहली हैं। आयोजन का उद्देश्य फैशन, प्रतिभा और महिला सशक्तिकरण को एक मंच पर लाकर नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा फैशन और लाइफस्टाइल इंडस्ट्री को एक मजबूत प्लेटफॉर्म प्रदान करना है। 

जयपुर में होगा भव्य “Stardom Fest & Awards” — फैशन, महिला सशक्तिकरण और प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

जयपुर। आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री अजय जी, निकाय चुनाव प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद संगीता यादव, राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, दिल्ली सरकार में मंत्री रविंदर इंद्राज सिंह सहित प्रदेश निकाय चुनाव की संभाग टीम, मेनिफेस्टो टीम, संभाग प्रभारी एवं सह प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी निकाय चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, प्रत्याशी चयन, चुनावी रणनीति, स्थानीय मुद्दों तथा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि भाजपा निकाय चुनाव में सरकार के विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश को विकास की नई दिशा देने का काम किया है। सरकार की उपलब्धियां केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि योजनाओं और परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का काम तेजी से हुआ है। युवाओं को रोजगार, किसानों का कल्याण, महिलाओं का सशक्तिकरण, जल उपलब्धता, निवेश और आधारभूत ढांचे के विकास को सरकार ने अपनी प्राथमिकताओं में रखा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 1 लाख 89 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां देने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। राजस्थान की जल आवश्यकताओं को देखते हुए यमुना जल समझौता और राम जल सेतु जैसे ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। राजस्थान की प्यासी धरती तक पानी पहुंचाने के लिए किए जा रहे ये प्रयास आने वाले समय में प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में निवेश का वातावरण लगातार मजबूत हुआ है। लगभग 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से करीब 9 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ चुके हैं। सरकार किसान, युवा और महिला सहित प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है। किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को बढ़ी हुई राशि 9000 रूपय उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रदेश में व्याप्त कुशासन और भ्रष्टाचार के स्थान पर भाजपा सरकार ने सुशासन और लोककल्याण की सरकार स्थापित की है। निकाय चुनाव में भाजपा सरकार के इन्हीं कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बैठक के बाद प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन हर समय चुनाव के लिए तैयार रहता है। आगामी निकाय चुनावों को लेकर पार्टी की बूथ स्तर तक तैयारी है और कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा, स्थानीय स्तर पर जिसका जनता के बीच प्रभाव होगा, जो संगठन के प्रति समर्पित होगा और जिसे जनता का विश्वास प्राप्त होगा, उसे अवसर दिया जाएगा। युवा, महिला और कमजोर वर्गों की भी प्रत्याशी चयन और चुनावी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित होगी।
मदन राठौड़ ने कहा कि प्रत्याशी चयन में किसी प्रकार का भाई-भतीजावाद, पक्षपात या व्यक्तिगत दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनाकांक्षा के अनुरूप और जीत की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। पार्टी का प्रयास रहेगा कि जनता जिस व्यक्ति को अपना प्रतिनिधि देखना चाहती है, उसे ही चुनाव मैदान में उतारा जाए।
मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास की नई गति से आगे बढ़ रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं ने आमजन के जीवन में व्यापक बदलाव किया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, आवास, पेयजल, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के रोजगार सहित प्रत्येक क्षेत्र में सरकार ने महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को आवास, स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से करोड़ों शौचालय, उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन तथा नल से जल पहुंचाने के अभियान ने देश के विकास को नई दिशा दी है। स्टार्टअप के क्षेत्र में 2.2 लाख से अधिक स्टार्टअप के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं और रोजगार मेलों के माध्यम से लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
मदन राठौड़ ने कहा, भारतीय जनता पार्टी इन्हीं विकास कार्यों और जनकल्याण की योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएगी। हमें पूर्ण विश्वास है कि राजस्थान की जनता स्थानीय निकाय चुनाव में भी भाजपा को अपना आशीर्वाद और समर्थन देगी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं है। कांग्रेस आज भी गुटबाजी में उलझी हुई है। जब उसकी सरकार थी, तब भी आपसी खींचतान और गुटबाजी हावी थी और आज भी वही स्थिति दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा, कांग्रेस के पास जनता को बताने के लिए कुछ नहीं है। जनता उसके कुशासन और भ्रष्टाचार को देख चुकी है। इसके विपरीत भाजपा सरकार विकास, सुशासन और लोककल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
मदन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। भाजपा कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को लेकर घर-घर जाएंगे और जनता से समर्थन मांगेंगे।
केंद्र, राज्य और स्थानीय निकाय तीनों स्तरों पर भाजपा की सरकार होने से विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक तेजी से पहुंचेगा।
मदन राठौड़ ने विश्वास जताया कि आगामी स्थानीय निकाय चुनाव में राजस्थान की जनता भाजपा के विकास और सुशासन के मॉडल पर विश्वास जताते हुए पार्टी को भारी बहुमत से विजयी बनाएगी।

निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने कसी कमर, विकास और सुशासन के आधार पर प्रचंड जीत का संकल्प - भजनलाल शर्मा

जयपुर। पुरानी चुंगी, अजमेर रोड स्थित महाकाल मोक्षधाम में 1.25 करोड़ रुपए की लागत से कराए गए जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों का सोमवार को श्रावण शुक्ल पंचमी के पावन अवसर पर लोकार्पण सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने किया गया। ब्रह्मपीठाधीश्वर काठियापरिवाराचार्य स्वामी रामरतनदेवाचार्य महाराज, श्रीमद् जगतगुरु दिवाकर द्वाराचार्य श्रीश्री 1008 संत शिरोमणि अवधेशदास महाराज तथा राजर्षि राजेश्वर महामंडलेश्वर श्रीश्री 1008 संत लीलाधरदास महाराज संतों के पावन सान्निध्य और धार्मिक वातावरण में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। 
संतों ने महाकाल मोक्षधाम में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए इसे अद्वितीय, अकल्पनीय और अविस्मरणीय बताया। उन्होंने कहा कि जिस सोच, संवेदना और सेवा भाव के साथ मोक्षधाम को विकसित किया गया है, वह इसे देश के अन्य मुक्तिधामों से अलग पहचान देता है। संतों ने कहा कि महाकाल मोक्षधाम को देखकर स्पष्ट होता है कि जनप्रतिनिधि यदि विजन और सेवा भाव के साथ कार्य करे तो समाज की आवश्यकताओं से जुड़े स्थान भी गरिमा और आध्यात्मिक चेतना के केंद्र बन सकते हैं। उन्होंने विधायक गोपाल शर्मा के विजन और सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए इसे देश में अनूठे स्वरूप वाला मुक्तिधाम बताया। 
इस अवसर पर विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि मोक्षधाम केवल अंतिम संस्कार का स्थान नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं, संस्कारों और सनातन परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। हमारा प्रयास है कि जयपुर के मोक्षधामों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गरिमापूर्ण और आदर्श स्वरूप प्रदान किया जाए। 
उन्होंने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र के तीन अन्य मोक्षधामों- रामेश्वरम मोक्षधाम, सोमनाथ मोक्षधाम पंचवटी और रामनगर मोक्षधाम में भी विकास कार्य जारी हैं। अगले चरण में खातीपुरा और बृजलालपुरा स्थित दो बड़े मोक्षधामों को भी आदर्श स्वरूप में विकसित किया जाएगा। इनके प्रोजेक्ट टेंडर प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर आवश्यक सुविधाओं के विकास के साथ स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और श्रद्धा के अनुरूप वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। 
कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न विकास समितियों के अध्यक्षों, अजमेर रोड व्यापार मंडल, सिविल लाइंस क्षेत्र के निर्वतमान पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों एवं मंडल पदाधिकारियों ने विधायक गोपाल शर्मा का नागरिक अभिनंदन किया। इससे पूर्व 500 महिलाओं ने शनि मंदिर, श्याम नगर से सोडाणी स्वीट्स तक भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली। आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



महाकाल मोक्षधाम को संतों ने बताया अनूठा मुक्तिधाम, विधायक गोपाल शर्मा ने किया पुरानी चुंगी मोक्षधाम के जीर्णोद्धार और विकास कार्यों का लोकार्पण

जयपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर कार्यालय में देशभक्ति और राष्ट्रगौरव के वातावरण में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष श्री अमित गोयल ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान के साथ अमर स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को नमन किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्री अमित गोयल ने सभी कार्यकर्ताओं एवं शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्र की आन, बान और शान के साथ एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है। देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उनके त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखना हमारा कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, विकास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रत्येक नागरिक अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान दे।
कार्यक्रम में भाजपा जयपुर शहर के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री श्री नवरत्न नराणिया, श्री राजेश ताम्बी एवं श्रीमती रेखा राठौड़, जनप्रतिनिधि, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

भाजपा जयपुर शहर कार्यालय में जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने फहराया तिरंगा, राष्ट्र निर्माण व आत्मनिर्भर भारत का दिया संदेश

जयपुर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आज झारखंड महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए। उन्होंने विधिवत पूजा कर भगवान झारखंड महादेव का आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की। मंदिर पहुंचने पर उन्होंने श्रद्धा और आस्था के साथ भगवान शिव के दर्शन किए।
उन्होंने प्रदेश की उन्नति और आमजन के कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं संत-महात्माओं की मौजूदगी के बीच भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

झारखंड महादेव मंदिर में गूंजा हर-हर महादेव, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने महादेव के दर्शन कर लिया आशीर्वाद

जयपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रिफ फ़िल्म क्लब द्वारा एसआरएनजी ऑडिटोरियम में वर्ष 2016 की चर्चित ड्रामा-एडवेंचर फिल्म ‘मेंगो ड्रीम्स’ की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। स्क्रीनिंग में रिफ फ़िल्म क्लब के सदस्यों एवं आमंत्रित सिनेमा प्रेमियो ने हिस्सा लिया।
जॉन अपचर्च द्वारा निर्देशित " मेंगो ड्रीम्स" एक वृद्ध हिंदू डॉक्टर और एक मुस्लिम ऑटो-रिक्शा चालक की कहानी है, जो एक यात्रा के दौरान गहरी दोस्ती और मानवीय जुड़ाव की मिसाल बनते हैं। डिमेंशिया से जूझ रहे डॉक्टर अपने बचपन के घर को आखिरी बार देखने की इच्छा रखते हैं, और इसी तलाश में दोनों भारत की यात्रा पर निकलते हैं।
रिफ फ़िल्म क्लब के फाउंडर सोमेंद्र हर्ष ने बताया कि " स्वतंत्रता दिवस के संदर्भ में फिल्म की स्क्रीनिंग विशेष रूप से अर्थपूर्ण रही। धर्म, स्मृति, पहचान और इंसानी रिश्तों को केंद्र में रखने वाली यह फिल्म उस भारत की तस्वीर पेश करती है, जहाँ अलग-अलग पृष्ठभूमियों के लोग साझा अनुभवों और संवेदनाओं के माध्यम से एक-दूसरे के करीब आते हैं।"
इस स्क्रीनिंग को और खास बनाने वाली बात यह रही कि ‘मेंगो ड्रीम्स" भारत में आधिकारिक रूप से उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण दर्शकों को इसे बड़े पर्दे पर देखने का एक दुर्लभ अवसर मिला। रिफ फ़िल्म क्लब की इस पहल ने सिनेमा के माध्यम से उन कहानियों तक दर्शकों की पहुँच बनाई, जो सामान्य माध्यमों से भारतीय दर्शकों के लिए आसानी से उपलब्ध नहीं हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल फिल्म का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर साझी विरासत, मानवीय रिश्तों और भारतीय समाज की विविधता पर संवाद को बढ़ावा देना भी रहा।
रिफ फ़िल्म क्लब द्वारा आयोजित यह विशेष स्क्रीनिंग सिनेमा को एक मनोरंजन के माध्यम से आगे बढ़ाकर संवाद, संवेदना और सामाजिक जुड़ाव के माध्यम के रूप में देखने की दिशा में एक सार्थक पहल रही।

स्वतंत्रता दिवस पर एसआरएनजी ऑडिटोरियम में ‘मेंगो ड्रीम्स’ की विशेष स्क्रीनिंग