जयपुर। परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि केन्द्र सरकार अपने जुल्म और तानाशाही की हद पार कर चुकी है। बार्डर पर भी जितनी सख्त तारबंदी नहीं की गई है, उससे ज्यादा कटीले तार, सरियों की कीलें, पाईप, खाई और बेरिकेटिंग लगाकर किसानों को मारने की कोशिश केन्द्र सरकार कर रही है।
खाचरियावास ने कहा कि केन्द्र के नेताओं की संवेदनायें मर चुकी है। पहली बार ऐसा हुआ है जब आंदोलन कर रहे किसानों के ऊपर इतना जुल्म किया गया है। अब तक दिल्ली बार्डर पर आंदोलन कर रहे लगभग 200 किसानों की मौत हो चुकी है, कई किसान आत्महत्या कर चुके हैं, इसके बावजूद केन्द्र सरकार प्रधानमंत्री मोदी जी का रवैया किसानों के प्रति ठीक नहीं है। लगातार केन्द्र सरकार किसान आंदोलन को कुचलने के लिये सारी हदें पार कर रही है। पूरे देश की जनता भलीभांति समझती है कि पूंजीपतियों के इशारे पर किसानों पर जुल्म किया जा रहा है|
खाचरियावास ने कहा कि कटीले तार और कीले लगाने से किसानों का डराया नहीं जा सकता। इतने अधिक जुल्मों से पूरे देश की जनता किसानों के साथ खड़ी हो गई है।
खाचरियावास ने कहा कि पूरा देश और कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है। केन्द्र सरकार किसान आंदोलन को कुचलना चाहती है। कभी भी केन्द्र सरकार के इषारे पर किसान आंदोलन पर सरकार लाठी-गोली चला सकती है इसलिये किसानों के चारों तरफ कटीले तार और कीलों की तारबंदी की गई है। उन्होंने कहा कि यदि किसान आंदोलन पर लाठी-गोली चली तो केन्द्र सरकार को देश की जनता माफ नहीं करेगी।


कोई टिप्पणी नहीं