जयपुर। जयपुर के विश्व प्रसिद्ध जल महल की पाल पर भारतीय वायु सेना के भव्य एयरोबैटिक डिस्प्ले कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे , मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शिरकत की।
कार्यक्रम में भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्पले टीम ने अपने अद्भुत हवाई कौशल का प्रदर्शन किया। आकाश में बनती सटीक संरचनाओं, रंगीन धुएं की धाराओं और हेलीकॉप्टरों की समन्वित उड़ानों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
‘सूर्यकिरण’ टीम और ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर दल की रोमांचक प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के उत्साह से भर दिया। दर्शकों ने तालियों और जयघोष के साथ सभी का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और तकनीकी कौशल की सराहना करते हुए कहा कि जयपुर की धरती पर यह आयोजन गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि आर्मी डे परेड के भव्य एवं सफल आयोजन के बाद वायु सेना की ओर से आयोजित इस अद्भुत कार्यक्रम से यह साबित हुआ है कि जयपुर ऐसे राष्ट्रीय आयोजनों के लिए पूरी तरह तैयार है।
इस दौरान कॉकपिट से ‘‘खम्मा घणी‘‘ और ‘‘राम-राम सा‘‘ का उद्घोष जनता के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
यह आयोजन भारतीय सशस्त्र बलों की दक्षता, समर्पण और राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा का जीवंत परिचय रहा। जयपुर की ऐतिहासिक धरोहरों और मनोहारी प्राकृतिक सौंदर्य के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने प्रदेशवासियों को अविस्मरणीय अनुभव प्रदान किया।
इस अवसर पर साउथ वेस्टर्न एयर फोर्स चीफ एयर मार्शल श्री तेजिंदर सिंह जी, साउथ वेस्टर्न आर्मी चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह जी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन राठौड़ जी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







कोई टिप्पणी नहीं