जयपुर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आज जवाहर कला केंद्र में आयोजित ‘जयपुर डिज़ाइन फेस्टिवल 2026’ का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने फेस्टिवल में युवा डिजाइनरों और इनोवेटर्स द्वारा तैयार किए गए विभिन्न रचनात्मक डिजाइनों एवं नवाचारों को देखा और उनकी सराहना की।
उपमुख्यमंत्री ने डिजाइनरों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स पर पहुंचकर उनके उत्पादों, डिजाइन और नए प्रयोगों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि युवा रचनात्मक प्रतिभाओं द्वारा रोजमर्रा की जिंदगी में स्थिरता को शामिल करने के लिए किए जा रहे प्रयास बेहद उत्साहजनक हैं। इस तरह के नए और रचनात्मक विचार समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दिया कुमारी ने फेस्टिवल में भाग लेने वाले सभी डिजाइनरों और इनोवेटर्स को उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा और नवाचार प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने जयपुर के स्थापना दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि जयपुर की गौरवशाली विरासत और समृद्ध सांस्कृतिक पहचान हम सभी के लिए गर्व की बात है।




कोई टिप्पणी नहीं