Halaman

    Social Items

जयपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर द्वारा आराध्य देव श्री गोविंद देव जी महाराज के मंदिर परिसर में 2100 दीपों से भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके समरसता, समानता एवं मानवता के संदेश को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में राजस्थान की माननीय उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी जी, भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री अजय कुमार जी, भाजपा जयपुर शहर जिला अध्यक्ष श्री अमित गोयल जी, जिला महामंत्री श्री नवरत्न नराणिया जी, श्री राजेश कुमार ताम्बी जी, जिला उपाध्यक्ष श्री सुरेंद्र सिंह पुर्यवंशी, अजय यादव ,एव निवर्तमान महापौर श्रीमती कुसुम यादव जी सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महाआरती के दौरान सभी ने आराध्य देव श्री गोविंद देव जी महाराज के श्रीचरणों में प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की मंगलकामना की। दीपों की दिव्य आभा और भक्तिमय वातावरण से संपूर्ण मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा एवं श्रद्धा से आलोकित हो उठा।
मीडिया सह-प्रभारी नयन माघाणी अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया की उपस्थित नेताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु ही ज्ञान, संस्कार, सदाचार एवं जीवन के सही मार्ग के पथप्रदर्शक होते हैं। गुरु पूर्णिमा का यह पावन पर्व हमें अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देता है। वहीं संत रविदास जी महाराज का समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव का संदेश आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गुरु परंपरा का वंदन करते हुए प्रदेश की निरंतर उन्नति, सामाजिक समरसता, राष्ट्र की प्रगति एवं जनकल्याण के लिए सामूहिक प्रार्थना की।

भाजपा जयपुर शहर द्वारा गुरु पूर्णिमा पर गोविंद देव जी मंदिर में 2100 दीपों से भव्य महाआरती, संत रविदास जी को पुष्पांजलि अर्पित

जयपुर। जनसंपर्क केवल सूचना का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि विश्वास, संवाद और दीर्घकालिक संबंधों के निर्माण की सतत प्रक्रिया है। इसी मूल भावना को केंद्र में रखते हुए पब्लिक रिलेशंस काउंसिल ऑफ इंडिया (PRCI), जयपुर चैप्टर ने विश्व जनसंपर्क दिवस 2026 के अवसर पर "इन्फ्लुएंसर रिलेशंस बनाम पारंपरिक मीडिया रिलेशंस : विश्वसनीयता, पहुंच और जनसंपर्क का भविष्य" विषय पर एक प्रभावी पैनल चर्चा एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि PRCI के 63 शहरों के चैप्टर्स तथा 13 देशों से जुड़े 100 से अधिक जनसंपर्क विशेषज्ञों ने ऑनलाइन माध्यम से आयोजित राष्ट्रीय वेबिनार में सहभागिता की। प्रतिभागियों ने जनसंपर्क के बदलते स्वरूप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटल संचार, मीडिया की विश्वसनीयता तथा वैश्विक स्तर पर संचार की नई चुनौतियों और संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए।

जयपुर चैप्टर के कार्यक्रम का शुभारंभ PRCI अहमदाबाद चैप्टर द्वारा आयोजित राष्ट्रीय वेबिनार के लाइव प्रसारण से हुआ। इसके पश्चात आयोजित ऑफलाइन पैनल चर्चा में जनसंपर्क विशेषज्ञ जगदीप सिंह (जैग्स), प्रसिद्ध रेडियो व्यक्तित्व आरजे रविन्द्र तथा 'जयपुर बाय मार्सेला' की संस्थापक एवं लाइफस्टाइल कंटेंट क्रिएटर मार्सेला बाउर ने अपने अनुभव साझा किए। चर्चा का प्रभावी संचालन मिशा शर्मा, अकाउंट एग्जीक्यूटिव, एडफैक्टर्स पीआर ने किया।

PRCI जयपुर चैप्टर के चेयरमैन सोमेन्द्र हर्ष ने कहा कि आज संचार माध्यमों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म और कृत्रिम बुद्धिमत्ता ने संचार को अभूतपूर्व गति प्रदान की है, लेकिन किसी भी प्रभावी संचार की आधारशिला आज भी विश्वसनीयता, पारदर्शिता और जनविश्वास ही है। उन्होंने कहा कि PRCI का उद्देश्य जनसंपर्क पेशे को नई तकनीकों से जोड़ते हुए उसके मूल मूल्यों को सुरक्षित रखना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि PRCI जयपुर चैप्टर उद्योग, मीडिया और शिक्षण संस्थानों के बीच ज्ञान-विनिमय एवं सहयोग का एक सशक्त मंच बनकर अपनी भूमिका निभाता रहेगा।
प्रख्यात जनसंपर्क विशेषज्ञ जगदीप सिंह (जैग्स) ने कहा कि डिजिटल युग में सूचना का प्रवाह पहले से कहीं अधिक तेज हुआ है, लेकिन विश्वसनीयता का महत्व आज भी सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि संपादकीय मूल्यों, तथ्यपरकता, जवाबदेही और नैतिकता पर आधारित पत्रकारिता प्रभावी जनसंपर्क की आधारशिला है। संस्थानों को तात्कालिक लोकप्रियता के बजाय दीर्घकालिक विश्वास अर्जित करने पर अधिक ध्यान देना चाहिए।

प्रसिद्ध रेडियो व्यक्तित्व आरजे रविन्द्र ने कहा कि संचार के प्लेटफॉर्म समय के साथ बदलते रहते हैं, लेकिन प्रभावी संवाद की आत्मा सदैव एक जैसी रहती है। रेडियो से लेकर रील्स तक प्रत्येक माध्यम की अपनी भूमिका है, किंतु श्रोताओं और दर्शकों के साथ भावनात्मक जुड़ाव, सरल अभिव्यक्ति और सच्ची कहानी ही किसी संदेश को स्थायी बनाती है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक मीडिया और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स प्रतिस्पर्धी नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं।

लाइफस्टाइल कंटेंट क्रिएटर मार्सेला बाउर ने कहा कि आज का दर्शक केवल फॉलोअर्स की संख्या से प्रभावित नहीं होता, बल्कि प्रामाणिकता, निरंतरता और ईमानदार संवाद को अधिक महत्व देता है। उन्होंने कहा कि एक सफल इन्फ्लुएंसर वही है जो अपने समुदाय के साथ विश्वास का मजबूत संबंध स्थापित करे। ब्रांड और कंटेंट क्रिएटर्स के बीच पारदर्शी तथा दीर्घकालिक साझेदारी ही भविष्य के प्रभावी संचार का आधार बनेगी।

PRCI जयपुर चैप्टर के सचिव सनी कुलश्रेष्ठ ने कहा कि विश्व जनसंपर्क दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि बदलते वैश्विक संचार परिदृश्य में जनसंपर्क की भूमिका का आत्ममंथन करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

कार्यक्रम के दौरान PRCI जयपुर चैप्टर से जुड़े नए सदस्यों का औपचारिक स्वागत किया गया तथा उन्हें PRCI की लैपल पिन एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

अंत में PRCI जयपुर चैप्टर के चेयरमैन सोमेन्द्र हर्ष ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अंशु हर्ष, प्रो. संजीव भानावत, सह सचिव राहुल बाबू कोंडली, कोषाध्यक्ष पंकज वाधवानी, कार्यक्रम होस्ट मिशा शर्मा, निर्मल गोयल, उत्तम सिंह, तरुण टांक, डॉ. रुचिता सोलंकी, मेट्रो पीआरओ गजेंद्र सिंह गुजर, एडवोकेट सुरेंद्र कर. शर्मा, धर्मेश सक्सेना, रिटेंबरा अग्रवाल, आशीष उदातवत, विकास काला, पुरुषोत्तम शर्मा तथा सूरजभान शर्मा सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

विश्व जनसंपर्क दिवस पर PRCI जयपुर चैप्टर ने आयोजित की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सहभागिता वाली विशेष परिचर्चा

जयपुर। बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित बैंड बाजा बारात डिज़ाइनर एंड लाइफस्टाइल एग्ज़ीबिशन 'ताराकी' का भव्य शुभारंभ लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री अपरा मेहता के करकमलों द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य अतिथि, फैशन प्रेमी एवं उद्यमी उपस्थित रहे। यह दो दिवसीय प्रदर्शनी 18 एवं 19 जुलाई 2026 को आयोजित की गई है।
प्रदर्शनी में लगभग 100 प्रदर्शक जयपुर ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न शहरों से अपने उत्कृष्ट और आकर्षक उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं। यहां आने वाले विज़िटर्स को मेंस वियर, लेडीज़ वियर, किड्स वियर, डिज़ाइनर कलेक्शन, लहरिया, ज्वेलरी, इमिटेशन ज्वेलरी, सिल्वर ज्वेलरी, हैंडमेड प्रोडक्ट्स, ब्यूटी प्रोडक्ट्स, फुटवियर, बैंगल्स, फूड आइटम्स सहित अनेक शानदार उत्पाद एक ही स्थान पर देखने और खरीदने का अवसर मिल रहा है।
आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि 19 जुलाई 2026 इस प्रदर्शनी का अंतिम दिन है, इसलिए इस बेहतरीन शॉपिंग और लाइफस्टाइल अनुभव का लाभ अवश्य उठाएँ। फैशन, ट्रेडिशन और क्रिएटिविटी का अनूठा संगम बनी यह प्रदर्शनी हर आयु वर्ग के लिए आकर्षण का केंद्र है।

बैंड बाजा बारात डिज़ाइनर एंड लाइफस्टाइल एग्ज़ीबिशन 'ताराकी' का भव्य शुभारंभ अभिनेत्री अपरा मेहता ने किया

जयपुर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मंगलवार को विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र स्थित नगर निगम जोन कार्यालय, मुरलीपुरा में राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन विभाग द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को स्वरोजगार के लिए ऋण स्वीकृति के चेक तथा आवासीय पट्टों का वितरण कर उनके उज्ज्वल एवं आत्मनिर्भर भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
उपमुख्यमंत्री ने शिविर में उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न नागरिक सेवाओं का अवलोकन किया। शिविर के माध्यम से पट्टा वितरण, भवन निर्माण स्वीकृति, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सफाई, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर सरल, सुगम और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र नागरिक को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सहज सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक प्रभावी रूप से पहुँच सके।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शहरी सेवा शिविर-2026 का किया निरीक्षण, लाभार्थियों को ऋण चेक और आवासीय पट्टे वितरित

जयपुर। जयपुर के प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. अंकुर अग्रवाल को मालदीव में आयोजित ग्लोबल होम्योपैथिक समिट 2026 में प्रतिष्ठित 'मास्टर ऑफ होम्योपैथिक अवॉर्ड 2026' से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें 3 जुलाई 2026 को आयोजित अंतरराष्ट्रीय समारोह में होम्योपैथी के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रदान किया गया।

डॉ. अंकुर अग्रवाल को मिले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान से जयपुर के चिकित्सा जगत, विशेष रूप से होम्योपैथिक समुदाय में खुशी का माहौल है। शहर के अनेक होम्योपैथिक चिकित्सकों ने उन्हें इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

चिकित्सकों ने कहा कि यह सम्मान केवल डॉ. अंकुर अग्रवाल की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरे जयपुर के लिए गर्व का विषय है। इससे होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ-साथ युवा चिकित्सकों को भी प्रेरणा मिलेगी।

डॉ. अग्रवाल की इस उपलब्धि को चिकित्सा क्षेत्र में समर्पण, उत्कृष्ट कार्य और निरंतर सेवा का सम्मान माना जा रहा है। चिकित्सा समुदाय ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी वे इसी तरह अपने कार्यों से देश और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।

मालदीव में डॉ. अंकुर अग्रवाल को मिला 'मास्टर ऑफ होम्योपैथिक अवॉर्ड 2026', जयपुर में खुशी की लहर

जयपुर। JAS-2026 का भव्‍य उद्घाटन समारोह सीतापुरा के नोवाटेल जेईसीसी में हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्‍य अतिथि  K.P. Abdul Salam, Vice Chairman & GED, Malabar Group ,विशिष्‍ठ अतिथि Tawhid Abdullah, Chairman, Dubai Jewellery Group एवं CEO, Jawhara Jewellery, Dubai, Surjit Bhujbal, Member of the Central Board of Indirect Tax and Customs (CBIC) और प्रमोद अग्रवाल, Chairman, NGJCI (Guest of Honour) के कर कमलों द्वारा द्वीप प्रज्ज्वलन कर  किया गया। 

JAS-2026 के रचेता और विजनरी लीडर ज्वेलर्स एसोसिएशन जयपुर के अध्‍यक्ष राजू मंगोड़ीवाला ने अपने स्‍वागत संबोधन में कहा कि  JAS-2026  राजस्‍थान के   जेम्‍स- ज्वैलरी सेक्टर के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस शो के दौरान कई कीर्तिमान रचे जा रहे हैं। इसके उद्घाटन समारोह के मंच पर पहली बार विश्‍व के जेम्स-ज्वेलरी और डायमंड उद्योग के शीर्ष व्यक्तित्व मौजूद हैं। जो विश्‍व में 1 लाख करोड़ से ज्‍यादा  के व्‍यापार का नेतृत्व कर रहे हैं। यह सिटी ऑफ गोल्ड (दुबई ) और सिटी ऑफ कलर स्‍टोन (जयपुर)   के संगम का शुभ अवसर है।  JAS-2026  न   अजय न केवल जयपुर के जेम्स ज्वेलरी व्यवसाय को विश्‍व पटल पर पहचान दिलाएगा बल्कि गुलाबी नगर की कला, संस्कृति, पहचान और विरासत को विश्‍व पटल पर स्‍थापित करेगा। 

समारोह के मुख्‍य अतिथि  K.P. Abdul Salam,( Vice Chairman & GED, Malabar Group)  ने अपने संबोधन में कहा कि  भारत का आभूषण उद्योग बहुत पुराना और समृद्ध है। जिस पर हम सबको गर्व होना चाहिए। हालांकि सोने की बढ़ती कीमतों और अन्य वैश्‍विक कारणों से कुछ चुनौती का सामना करना पड़ा है, लेकिन यह उद्योग लगातार प्रगति कर रहा है। जयपुर के रत्न आभूषणों को पूरी दुनिया में सराहा जाता है। JAS-2026 जैसी प्रदर्शनियां इस उद्योग को नई  ऊंचाई पर ले जाने में मदद करेंगे। उन्होंने इस बात पर चिंता व्यक्त की हमारे पास रत्नाभूषण उद्योग का लम्बा इतिहास है, लेकिन फिर भी हमारे पास कोई वैश्‍विक ब्रांड नहीं है। आज भी हम अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के लिए जॉब वर्क करते हैं। दुनियाभर में बिकने वाले बहुत से रत्ना भूषण भारत में बनते हैं, लेकिन उन पर 'MADE IN INDIA' या किसी भारतीय ब्रांड की पहचान नहीं होती। हमें वैश्‍विक स्‍तर के भारतीय ब्रांड बनाने चाहिए। दुबई के साथ मिलकर हम जयपुर के रत्न आभूषणों को दुनियाभर में ब्रांड के तौर पर पहुंचा सकते हैं। मैं जयपुर के पूरे ज्वेलरी उद्योग के उज्‍जवल भविष्‍य की कामना करता हूं।  

समारोह के विशिष्ट अतिथि तौहीद अब्‍दुल्‍लाह (Chairman, Dubai Jewellery Group एवं CEO, Jawhara Jewellery)  ने अपने संबोधन में कहा कि भारत और यूएई के बीच व्‍यापार को बढ़ाने के लिए  CEPA हो चुका है। इसके तहत दोनों देशों के बीच व्‍यापार को 2032 तक 2 सौ अरब डॉलर के पार पहुंचाना है। उन्होंने जयपुर के जेम्स- ज्वेलरी व्यापारियों को दुबई के साथ व्यापारिक साझेदार बनने के लिए आमंत्रित करता हूं। उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि जयपुर के कई ज्वैलर्स का बैंकॉक और हांगकांग में ऑफिस है, लेकिन दुबई  आपके जेम्स- ज्वेलरी  को पूरे विश्‍व के बाजार से जोड़ने में सझम है। 

समारोह के विशिष्ट अतिथि सुरजीत भुजबल  Surjit Bhujbal, (Member of the Central Board of Indirect Tax and Customs) ने अपने संबोधन में कहा कि   रत्नाभूषण उद्योग हमारे देश की अर्थव्यवस्था की धुरी है। जयपुर अपने बहुमूल्य रत्न खासकर पन्‍ना की प्रोसेसिंग के लिए विश्व भर में विख्यात है। JAS-2026 के शानदार आयोजन और इसका हिस्‍सा बनने पर अत्‍यंत प्रसन्‍न हो रही है। मैं ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर को भी सौ वर्ष पूरे होने पर बधाई देता हुूं। सरकार और सरकार के सभी विभाग जयपुर में जेम्स- ज्वेलरी ट्रेड को प्रोत्साहित करने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। मै इस शो की सफलता की कामना करता हूं। 

समारोह के विशिष्ट अतिथि  प्रमोद अग्रवाल, Chairman, NGJCI ने अपने   संबोधन जयपुर के जवाहरात और आभूषण व्‍यापार को खुशखबरी देते हुए बताया कि जुलाई में ही जेम बूर्स का शिलान्यास किया जाएगा। इसकी रजिस्ट्री हो चुकी है और राज्‍य सरकार की ओर से 100 करोड़ रुपये का अनुदान मिलेगा। केंद्र सरकार से भी सहयोग का प्रयास किया जा रहा है।  

ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर के सचिव अजय  गोधा ने  अपने संबोधन में  कहा कि  JAS अब बिजनेस, ट्रस्ट और रिलेशनशिप का ऐसा मंच बन चुका है, जहां बायर सीधे सोर्स से जुड़ते हैं। जब देश विदेश के बायर शाे में  आते हैं तो उन्हें यह केवल ज्वेलरी ही नहीं मिलती बल्कि ऑथेंसिटी, क्‍वालिटी और क्राफ्टमैन शिप का भरोसा मिलता है, जो JAS की सबसे बड़ी ताकत है। 

JAS-2026 के कन्वीनर अशोक माहेश्वरी ने अपने संबोधन में कहा कि  यह शो हर साल अपनी साइज के साथ अपनी प्रतिष्ठा में भी वृद्धि कर रहा है। दुनिया के शीर्ष ज्वैलरी ब्रांड शो में भाग ले रहे हैं। इसका मतलब है कि  JAS उन्‍हेें वैल्‍यू और अपॉर्च्यूनिटी दोनों मिल रहे हैं। हम हर साल शो का स्‍पेस बढ़ा रहे हैं, एग्जीबिटर्स और ट्रेड विजिटर्स की  संख्‍या में इजाफा हो रहा है। इससे हमारा होंसला और बढ़ रहा है, इसलिए हमें विश्वास है कि  JAS को हम देश का सबसे प्रतिष्ठित B2B शो के तौर पर स्थापित करने वाले हैं।     

दुबई गोल्ड एंड ज्वैलरी ग्रुप (DJG) और ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर (JAS) के मध्य ऐतिहासिक MOU
JAS-2026 के उद्घाटन समारोह के आखिरी सत्र में  दुबई गोल्ड एंड ज्वैलरी ग्रुप (DJG) और ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर (JAS) के मध्य ऐतिहासिक MOU साइन किया गया। ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर की ओर से अध्‍यक्ष राजू मंगोड़ीवाला ने और दुबई ज्वैलरी ग्रुप की ओर से चेयरमैन तौहीद अब्‍दुल्‍लाह ने एमओयू पर साइन किए। 
इस एमओयू को जस प्रेसिडेंट राजू मंगोड़ीवाला ने जयपुर और दुबई के बीच व्यापारिक रिश्तों की नई इबारत बताया। उन्होंने कहा कि JAS के इतिहास में पहली बार यह अवसर आया है, जब दो वैश्‍विक संगठन एक मंच पर आकर ज्वैलरी ट्रेड के भविष्य के सपनों को साकार कर रहे हैं।  यह केवल दो संस्थाओं के बीच हस्ताक्षरित एक समझौता नहीं है, बल्कि भारत और संयुक्त अरब अमीरात के जैम्स एवं ज्वैलरी उद्योग के लिए विकास, नवाचार और वैश्विक सहयोग की नई शुरुआत है।इस साझेदारी के माध्यम से जयपुर के ज्वैलर्स को दुबई के विशाल वैश्विक बाजार तक सरल पहुँच प्राप्त होगी। इससे निर्यात के नए अवसर खुलेंगे, नए अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से सीधे व्यापारिक संबंध स्थापित होंगे तथा हमारे स्थानीय उद्योग को वैश्विक पहचान और नई ऊँचाइयाँ प्राप्त होंगी।वहीं दुबई के व्यापारियों को जयपुर के उत्कृष्ट रत्न, पारंपरिक हस्तकला और उच्च गुणवत्ता वाले आभूषण प्रतिस्पर्धी कीमतों पर उपलब्ध होंगे। तौहीद अब्‍दुल्‍लाह ने कहा कि यह MOU केवल व्यापार तक सीमित नहीं रहेगा। यह डिज़ाइन इनोवेशन, नई तकनीकों, कौशल विकास, संयुक्त प्रदर्शनियों, खरीदार-विक्रेता बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के माध्यम से दोनों देशों के उद्योगों को और अधिक सशक्त बनाएगा।
उद्घाटन समारोह में कस्‍टम कमिश्‍नर चंदन सिंह,  केजीके ग्रुप के चेयरमैन नवरतन कोठारी,  ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर के पूर्व अध्‍यक्ष निर्मल बरडिया के साथ कई पूर्व अध्‍यक्ष और वर्तमान  उपाध्‍यक्ष गोविंद प्रकाश अग्रवाल, कोषाध्‍यक्ष गोविंद कुमार गुप्‍ता, संयुक्‍त मंत्री महावीर कुमार गुप्‍ता, सह संयोजक अनिल तांबी और सह संयोजक एवं समन्‍वयक नरेश अग्रोया के साथ जयपुर के सभी जेम्‍स-ज्वैलरी ट्रेड से जुडे उद्योगपति और व्‍यापारी  मौजूद रहे। 

Jewellery Eminence Awards-2026
JAS 2026  के दौरान Jewellery Eminence Awards-2026 विशेष आकर्षण का केंद्र हाेता है। 4 जुलाई की शाम को होने वाले इस   इस समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय खेल एवं युवा मामले तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री अनुराग ठाकुर होंगे। इसमें अभिनेत्री , मॉडल और JAS- 2026 की ब्रांड एम्‍बेसेडर युविका चौधरी उपस्‍थित रहेंगी। ज्वेलर्स एसोसिएशन जयपुर के विजनरी अध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला और  महासचिव अजय गोधा  ने बताया कि जयपुर के इतिहास में पहली बार जेम्स, ज्वेलरी एवं डायमंड सेक्टर की विश्व की शीर्ष हस्तियाँ JAS-2026 एवं Jewellery Eminence Awards में भाग लेंगी।

JAS-2026 Life Time Achievement Award
ज्वेलर्स एसोसिएशन जयपुर द्वारा JAS के साथ एक अभिनव पहल के रूप में जयपुर के जेम्स एवं ज्वेलरी क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली प्रमुख हस्ती को सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष JAS-2026 Life Time Achievement Award प्रसिद्ध उद्योगपति एवं KGK Group के चेयरमैन श्री नवरत्न कोठारी को प्रदान किया जाएगा।

JAS-2026 : इस बार शो के खास आकर्षण
- यह शो अपनी भव्यता का नया कीर्तिमान रच रहा है। इस वर्ष कुल 351 बूथों पर रंग-बिरंगे रत्नों एवं सुंदर आभूषणों का प्रदर्शन किया गया है।
201 बूथ – Gemstone
149 बूथ – Jewellery
Allied Section के भी बूथ
- यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 16% अधिक है।
- जयपुर के सभी प्रतिष्ठित ज्वेलर्स एवं रत्न व्यवसायी इसमें भाग लेंग रहे हैं। साथ ही दिल्ली, अहमदाबाद, मुंबई, हैदराबाद, सूरत, बीकानेर एवं मेरठ सहित अन्य शहरों से 26 से अधिक प्रदर्शक भाग ले रहे हैं।
- देशभर के 2000 से अधिक ट्रेड बायर्स ने पंजीकरण कराया है। इसके अतिरिक्त 1000 से अधिक होस्टेड बायर्स भी शामिल हैं। इस बार विभिन्न देशों के NRI को भी शो देखने के लिए जयपुर पहुंचे हैं।

ज्वेलर्स एसोसिएशन शो (JAS-26) का भव्‍य उद्घाटन समारोह, 3–5 जुलाई 2026 तक होगा आयोजन

जयपुर। राजस्थान की मिट्टी की सोंधी महक, वहां की संस्कृति, लोक जीवन और भावनाओं को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म मंचों तक पहुंचाने वाली राजस्थानी-हिंदी फिल्म “ओमलो” अब दर्शकों के दिलों तक डिजिटल माध्यम से पहुंचने के लिए तैयार है। प्रतिष्ठित कान्स फिल्म मार्केट में अपनी विशेष स्क्रीनिंग और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जबरदस्त सराहना हासिल करने के बाद अब यह चर्चित फिल्म 3 जुलाई 2026 को वेव्स ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है। अपनी भावनात्मक कहानी, राजस्थानी संस्कृति की आत्मा और वैश्विक स्तर पर मिल रही पहचान के कारण “ओमलो” लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है।

फिल्म की प्रेस कॉन्फ्रेंस जयपुर में आयोजित की गई, जहां अभिनेता, लेखक, निर्देशक और निर्माता सोनू रणदीप चौधरी, निर्माता रोहित माखीजा, मनीष गोपलानी, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संगीत निर्देशक एवं गायक गाजी खान बरना, सह-निर्माता अजय राठौर, मुख्य अभिनेता शंभू महाजन, देव शर्मा, महेश जिलावा, वंदना गुप्ता तथा हेड ऑफ प्रोडक्शन एवं आर्ट डायरेक्टर यतीन राठौड़ ने मीडिया से बातचीत की।

फिल्म “ओमलो” बीकानेर के श्री डूंगरगढ़ स्थित धोळिया गांव में पूरी तरह शूट की गई है। यह कहानी एक सात वर्षीय बच्चे और एक ऊंट की समान परिस्थितियों में गुजरती जिंदगी के जरिए दर्द, संघर्ष, असहायता और समाज की सोच को बेहद संवेदनशील तरीके से सामने लाती है। फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी संपूर्ण शूटिंग राजस्थान में हुई है और इसमें राजस्थान के स्थानीय कलाकारों तथा वास्तविक किरदारों को ही शामिल किया गया है। फिल्म पूरी तरह राजस्थान की संस्कृति, लोक जीवन और भावनाओं का सजीव चित्रण करती है।

फिल्म ने अपनी भावनात्मक कहानी और सशक्त प्रस्तुति के दम पर देश और विदेश के फिल्म समारोहों में पुरस्कारों की झड़ी लगा दी है। अमेरिका के अटलांटा इंडियन फिल्म फेस्टिवल में फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का सम्मान अपने नाम किया। राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म और सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

नई दिल्ली फिल्म फेस्टिवल में फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक पुरस्कार हासिल किए, जबकि गोल्डन ज्यूरी अवॉर्ड्स में फिल्म को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक सम्मान मिला। बॉलीवुड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में “ओमलो” ने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार जीते।

वहीं विंध्य इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान हासिल किया। ग्लोबल बेंगलुरु फिल्म फेस्टिवल में फिल्म को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार पुरस्कार से नवाजा गया। लगातार मिल रही इन उपलब्धियों ने “ओमलो” को क्षेत्रीय सिनेमा की एक मजबूत और वैश्विक पहचान बना दिया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सोनू रणदीप चौधरी ने कहा, “‘ओमलो’ सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि राजस्थान की आत्मा, यहां की संस्कृति और लोगों की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करती है। हमारी कोशिश थी कि हम ऐसी कहानी कहें जो स्थानीय होकर भी दुनिया के हर व्यक्ति के दिल तक पहुंचे। कान्स जैसे प्रतिष्ठित मंच पर फिल्म की प्रस्तुति हमारे लिए गर्व का क्षण था और अब हमें बेहद खुशी है कि यह फिल्म वेव्स ओटीटी के माध्यम से दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचेगी।”

उन्होंने आगे कहा, “राजस्थानी भाषा और यहां की लोक कहानियों में अपार शक्ति है। वेव्स ओटीटी के माध्यम से ‘ओमलो’ विश्व के 120 देशों तक पहुंचेगी। फिल्म के जरिए पूरी दुनिया राजस्थान की खूबसूरती, संस्कृति और यहां की कहानियों को करीब से देख पाएगी। इससे राजस्थान के फिल्म उद्योग और यहां के कलाकारों के लिए नए अवसरों के द्वार खुलेंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि ‘ओमलो’ क्षेत्रीय सिनेमा को एक नई पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”

निर्माताओं ने बताया कि फिल्म को अंतरराष्ट्रीय फिल्म सर्किट में जबरदस्त सराहना मिली है और इसकी भावनात्मक कहानी ने विभिन्न देशों के दर्शकों के साथ गहरा जुड़ाव बनाया है। फिल्म का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं बल्कि समाज के उन पहलुओं को भी सामने लाना है जिन पर अक्सर कम चर्चा होती है।

राजस्थानी भाषा, लोक संस्कृति और संवेदनशील सामाजिक भावनाओं से जुड़ी “ओमलो” अब अपनी वैश्विक यात्रा के बाद ओटीटी पर एक नए और बड़े सफर की शुरुआत करने जा रही है।

फिल्म “ओमलो” 3 जुलाई 2026 को वेव्स ओटीटी पर रिलीज होगी।

3 जुलाई को वेव्स ओटीटी पर रिलीज होगी राजस्थान की पहली वैश्विक पहचान बनाने वाली फिल्म ‘ओमलो’