जयपुर। महुआ के शम्भू पुजारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जयपुर के सिविल लाइन फाटक पर भाजपा का धरना चल रहा है, जहाँ उनके शव को रखे हुए आज तीसरा दिन है।
पुजारी को न्याय दिलाने को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को नींद से जगाने एवं ढूंढने के लिए भाजपा नेताओं ने लालटेन रैली निकाली, जिसमें सांसद डाॅ. किरोड़ी लाल मीणा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. अरूण चतुर्वेदी, सांसद रामचरण बोहरा, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, विधायक कालीचरण सराफ, जयपुर शहर अध्यक्ष राघव शर्मा, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकान्त भारद्वाज, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष सुमन शर्मा, ब्रजकिशोर उपाध्याय इत्यादि नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डाॅ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि शम्भू पुजारी को न्याय नहीं मिलने तक भाजपा का धरना जारी रहेगा। यह सरकार ना तो बहन-बेटियों को सुरक्षा दे पा रही है और ना ही मन्दिरों की सेवा करने वाले पण्डित, पुजारी एवं संतों को सुरक्षा दे पा रही है।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि राज्य सरकार असंवेदनशील है, पुजारी को न्याय दिलाने को लेकर भाजपा का धरना चल रहा है, लेकिन राज्य सरकार की तरफ से अभी तक वार्ता के लिए ना तो कोई प्रस्ताव आया है और ना ही सरकार इस मामले का कोई समाधान निकाल रही है। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के शासन में पुजारी को प्रताड़ित करने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी करौली के सपोटरा और हाल ही में सवाईमाधोपुर के गंगापुरसिटी में भी पुजारियों पर हमले हुए हंै, तो स्पष्ट है कि इस सरकार में पण्डित-पुजारी सुरक्षित नहीं है, आये दिन हमले हो रहे हैं।
कोई टिप्पणी नहीं