ब्यावर। राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत माननीया उप मुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी (वित्त, पर्यटन, सार्वजनिक निर्माण, कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व, महिला एवं बाल विकास तथा बाल अधिकारिता विभाग) बुधवार को ग्राम पंचायत रावणिया स्थित भारत सेवा निर्माण केंद्र पहुंचीं।
इस अवसर पर उन्होंने ग्राम रथ अभियान में भाग लेते हुए ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान आमजन को रथ के पास आमंत्रित कर योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह रथ जन-जागरूकता का सशक्त माध्यम बनकर आपके द्वार तक पहुंचा है। अब यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम इससे जुड़ें और योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। कृषि विभाग के तहत सावर निवासी नारायण को खेत में पाइप लाइन लगाने हेतु ₹18,000 की अनुदान राशि प्राप्त हुई। उद्यानिकी विभाग से कान्हा निवासी श्योजी को 5 HP सोलर पंप के लिए ₹1.68 लाख का अनुदान मिला। कृषि विभाग के ही बाबू बेली को वर्मी-कम्पोस्ट यूनिट निर्माण हेतु दो वर्षों तक ₹4,000-₹4,000 की सहायता दी गई। इसी क्रम में बिरदा सिंह को पाइपलाइन के लिए अनुदान मिला।
पशुपालन विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत सुरेन्द्र काठात को दुधारू पशु की मृत्यु पर ₹40,000 की बीमा राशि प्राप्त हुई। वहीं चिकित्सा विभाग द्वारा टीबी मरीज लक्ष्मण सिंह को निक्षय किट प्रदान की गई।
उप मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपील की।
गौरतलब है कि राजस्थान सरकार द्वारा कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने हेतु LED मोबाइल वैन के माध्यम से ग्राम रथ अभियान संचालित किया जा रहा है, जो ग्रामीण अंचल में जागरूकता का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
कार्यक्रम में एडीएम श्री ब्रह्म लाल जाट, एसीईओ श्री गोपाल लाल मीणा, एसडीएम सुमित्रा विश्नोई, पूर्व सभापति श्री नरेश कनोजिया, सरपंच श्री गिरधारी जी, प्रधान कमला जी, विधानसभा संयोजक श्री देवेंद्र सिंह जोधा, बाबरा मंडल अध्यक्ष श्री राजवेंद्र सिंह भाटी, ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष छोटू राम गुर्जर, जिला परिषद सदस्य श्री बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं