ब्यावर। माननीया उप मुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी (वित्त, पर्यटन, सार्वजनिक निर्माण, कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व, महिला एवं बाल विकास तथा बाल अधिकारिता विभाग) बुधवार को जिले के दौरे पर पहुंचीं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे जालिया द्वितीय में आयोजित ग्राम रथ अभियान में शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कृषि एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया तथा उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किसानों को अनुदान प्रदान किया गया, जिनमें रामकुंवार को प्याज भंडारण पर ₹87,500 (50% सब्सिडी), रामगोपाल को पीएम कुसुम योजना के तहत सोलर पंप पर ₹1,40,432, श्रीमती चांदा देवी को ड्रिप सिंचाई पर ₹37,837, सुरेश कुमार को तारबंदी पर ₹40,000, महावीर शर्मा को जैव आदान संसाधन केंद्र (वर्मी कम्पोस्ट) हेतु ₹50,000 तथा सुशीला देवी को थ्रेसर पर ₹1,25,000 का अनुदान शामिल है। स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य योजना से इंदिरा देवी एवं गिरिराज लाभान्वित हुए, वहीं प्रधानमंत्री वय वंदन योजना के तहत 70 वर्षीय दुर्गा देवी को निःशुल्क इलाज की सुविधा मिली। एचपीवी वैक्सीन के अंतर्गत मानुप्रिया को लाभ दिया गया। अन्य उपलब्धियों में “लखपति दीदी” के रूप में सोनिया माली का उल्लेख किया गया। किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना के अंतर्गत भारत गुर्जर एवं रामेश्वर (जिन्होंने जमाबंदी में रहन सुधार कर केसीसी प्राप्त किया) को भी लाभ मिला।
उप मुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व में जनप्रतिनिधि चुनाव के बाद जनता के बीच कम पहुंचते थे, जबकि वर्तमान सरकार विभिन्न अभियानों विशेषकर ग्राम रथ अभियान के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर योजनाओं की जानकारी दे रही है तथा आमजन के सुझाव प्राप्त कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपील की।
इस अवसर पर विधायक श्री वीरेंद्र सिंह कानावत ने बताया कि क्षेत्र में 2 करोड़ रुपये की लागत से अटल पथ को मंजूरी मिल चुकी है और शीघ्र ही कार्य प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सड़कों के विकास में कोई कमी नहीं रखी गई है तथा 418 करोड़ रुपये के कार्य प्रगतिरत हैं। साथ ही ऊर्जा विभाग के माध्यम से किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री ब्रह्म लाल जाट, उपखंड अधिकारी दीपशिखा, सरपंच आदित्य कुमार शर्मा, अनिल कुमार टेलर, हनुवंत सिंह राठौड़, भाजपा प्रदेश महामंत्री (एससी मोर्चा) घनश्याम डोल्या, ओम जेदिया, पूर्व सरपंच श्रीमती सुशीला देवी खेतावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष कृष्ण गोपाल खेतावत सहित विभिन्न अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



कोई टिप्पणी नहीं